Friday, November 30, 2018

पाक में दूतावास पर हुए हमले से चीन नाराज, नक्शे में पीओके को बताया भारत का हिस्सा

चीन के सरकारी न्यूज चैनल सीजीटीएन ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत का हिस्सा बताया है। माना जा रहा है कि पिछले सप्ताह कराची स्थित अपने दूतावास पर हुए आतंकी हमले से चीन नाराज है। ऐसे में उसने नक्शे में फेरबदल किया है। 23 नवंबर को चीनी दूतावास पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें दो पुलिसकर्मियों और दो नागरिकों की मौत हो गई थी। वहीं, तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया था। इसी घटना की रिपोर्टिंग के दौरान सीजीटीएन ने नक्शे में पीओके को भारत में दिखाया। 

पाक को लेकर नीति बदल सकता है चीन
चीनी सरकार पाकिस्तान को अहम साझेदार मानती है। कुछ समय पहले उसने पाक के साथ पीओके के रास्ते से बस चलाने पर सहमति भी जताई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नक्शे से छेड़छाड़ करने का फैसला चैनल का नहीं हो सकता। इसके लिए उसे किसी बड़े अधिकारी से आदेश मिला होगा। चीनी अधिकारी आमतौर पर अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नीतियां बदलने से पहले इस तरह के परीक्षण करते हैं।

भारत को साधने की कोशिश में चीन
चीन का यह कदम भारत से रिश्ते बढ़ाने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। 10 दिसंबर को दोनों देश साझा सैन्य अभ्यास करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, भारत से बातचीत के लिए पाकिस्तान का लगातार कदम बढ़ाना भी चीन को पसंद नहीं आ रहा। पिछले कुछ दिन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान करतारपुर साहिब के मुद्दे को सुलझाने के लिए कॉरिडोर का शिलान्यास कर चुके हैं। साथ ही, भारत से संबंध सुधारने की बात भी लगातार कह रहे हैं।

चीन की प्रिंट मीडिया ने नहीं लगाए पीओके के मैप
चीन की प्रिंट मीडिया ने एहतियात बरतते हुए पुराने नक्शे को ही अखबार में जगह दी। हालांकि, एक न्यूज चैनल की ओर से नया नक्शा लगाना संवेदनशील मामला है, क्योंकि चीनी अधिकारी इसको लेकर सतर्क रहते हैं। चीन के कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य अपने हिसाब से जानकारी चलाने के लिए बुक शॉप और चैनलों पर लगातार छापे भी मारते हैं।

No comments:

Post a Comment